राष्ट्र प्रेरणा स्थल की पार्किंग में चरने गईं करीब 150 भेड़ें चार दिन से पड़ा सड़ा भोजन खाने से रविवार देर रात मरणासन स्थिति में पहुंच गईं। इनमें से 71 की मौत हो गई। सोमवार दोपहर इसकी सूचना मिलने पर पशु चिकित्सा अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाज शुरू किया। मौत की वजह का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। विसरा भी जांच के लिए भेजा जाएगा।

क्षेत्र के फतेहपुर के ढकौली मदरिया निवासी शिवरतन पाल के पास करीब 350 भेड़ें हैं। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर इन्हें चराने के लिए प्रेरणा स्थल की पार्किंग के पास पहुंचे। यहां पड़ा भोजन खाने के लिए भेड़ों को छोड़ दिया। शाम को इन्हें घैला पुल के किनारे लाकर रुक गए।

रात करीब 12:30 बजे उनका बेटा प्रदीप भेड़ों को देखने गया। कुछ देर बाद आकर उसने बताया कि 10 भेड़ें मर गई हैं। इस पर शिवरतन अन्य बेटों अजय पाल और विजय पाल के साथ मौके पर पहुंचे। भेड़ों को दवाइयां खिलाईं, पर राहत नहीं मिली। देखते ही देखते करीब 150 भेड़ें मरणासन अवस्था में पहुंच गईं। बाद में इनमें से 71 ने दम तोड़ दिया।

शिवरतन ने सोमवार सुबह गांव के लोगों की मदद से घैला चौकी प्रभारी राजदीप चौधरी को सूचना दी। उन्होंने इंस्पेक्टर मड़ियांव के साथ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरपी सचान को जानकारी दी। इस पर एसीपी अलीगंज सैय्यद अरीब अहमद, एसडीएम सदर मनोज सिंह, चीफ वेटनरी अफसर डॉ. सुरेश कुमार व इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा फोर्स के साथ पहुंचे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *