Links to gang war in western Uttar Pradesh in murder case rohtak young woman from Shamli contact with Sunny

सीसीटीवी में दिखाई दे रहे हमलावर
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

गैंगवार के चलते बुधवार रात दिल्ली रोड पर खरावड़ बाईपास स्थित मिलन ढाबे पर चार युवकों की हत्या के तार पश्चिमी उत्तर प्रदेश की रवि राठी गैंग से जुड़ रहे हैं। शामली की युवती दो माह से बाबा गैंग के सन्नी रिटोलिया के संपर्क में थी। इसके लिए रोहतक में ही पीजी लेकर रह रही थी जो वारदात के बाद से गायब है। बताया जा रहा है कि उसी ने भाऊ गैंग के लिए मुखबिरी की है। वारदात के समय वह सन्नी के साथ दूसरी टेबल पर बैठी थी। समय रहते भनक लगने पर सन्नी मौके से भाग निकला। फायरिंग होने पर युवती भी निकल गई। 


पुलिस को जांच में पता चला है कि दो साल से भाऊ गैंग यूपी की रवि राठी गैंग के संपर्क है। पिछले साल सन्ननी रिटोलिया पर गांव में शराब ठेके पर हुई फायरिंग में बंगाल के एक युवक की भूमिका भी सामने आई थी। पुलिस ने सांपला के पास मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार किया था। आरोपी रवि राठी गैंग का सदस्य था जो भाऊ के लिए काम कर रहा था। अब शामली की युवती के ओर से भाऊ गैंग के लिए मुखबिरी करने की बात सामने आ रही है। वारदात के बाद से युवती पीजी से गायब है। पुलिस की टीमें युवती की तलाश में दबिश दे रही हैं। वहीं चौहरे हत्याकांड का राज खोल सकती है। रवि राठी फिलहाल जार्जिया में बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट पर भी नीचे उसका नाम लिखा हुआ है। 

बाबा के परिवार में शादी समारोह, पुलिस ने बढ़ाई गांव में सुरक्षा

चौहरे हत्याकांड के बाद रिटौली व डीघल गांव में डर का माहौल है। फायरिंग में डीघल के जहां तीन युवक मारे गए जबकि रिटौली में लंबे समय से भाऊ व बाबा गैंग में खूनी रंजिश चल रही है। तीन दिन पहले बाबा 10 दिन की अंतरिम जमानत पर शादी समारोह में शामिल होने के नाम पर जेल से बाहर आया था। अब चौहरे हत्याकांड से सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हमलावर, एक आरोपी दो रिवाल्वर से कर रहा था फायरिंग

पुलिस ने होटल से बरामद फुटेज की जांच की है। फुटेज में पांच हमलावर दिखाई दे रहे हैं। जबकि दो बाहर गाड़ियों में बैठे थे। पांच हमलावरों में एक नकाबपोश हमलावर के हाथ में दो पिस्तौल हैं। जबकि बाकी एक-एक पिस्तौल लिए हुए हैं। आते ही हमलवरों ने खाना खा रहे रिटौली निवासी अंकित उर्फ बाबा गैंग के गुर्गे डीघल (झज्जर) निवासी विनित (22), रिंकू (28) व यश उर्फ गज्जू (22) की गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि पास की टेबल पर खाना खा रहा बेरी का छात्र  हिमांशु (26) जान बचाने के लिए ढाबे की ऊपरी मंजिल पर जाकर छुप गया जहां सन्नी समझकर हमलावरों ने उसकी हत्या कर दी।

भाऊ गैंग का नेटवर्क बना पुलिस के लिए चुनौती, नीरज बवाना व राठी गैंग से गठजोड़ नहीं तोड़ पा रही पुलिस 

2019 से रिटौली गांव निवासी हिमांशु उर्फ भाऊ व अंकित उर्फ बाबा-सन्नी रिटौलिया गैंग के बीच गैंगवार चल रही है। गैंगवार में पहली हत्या मार्च 2022 में भाऊ के चचेरे भाई रोहित उर्फ बजरंग की हुई। उसके बाद से गैंगवार में 10 लोग मारे जा चुके हैं। विदेश जा चुके भाऊ की गैंग का गठजोड़ दिल्ली जेल में बंद नीरज बवाना गैंग व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी रवि राठी की गैंग से है। भाऊ बाबा गैंग पर हमला करने के लिए बाहर के शूटर की मदद ले रहा है। पूरे नेटवर्क को पुलिस तोड़ नहीं पा रही है।



Source link

अभी अभी की खबरें