कन्नौज। महंगाई की मार से पहले से परेशान मध्यमवर्गीय परिवारों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब रसोई में रोजाना इस्तेमाल होने वाले सरसों के तेल और नमक के दाम बढ़ने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ने लगा है। इसके साथ ही मसालों की कीमतों में भी उछाल आने से रसोई का खर्च बढ़ गया है।

खाद्य सामग्री के लगातार महंगे होने से आम परिवारों को खर्च में कटौती करनी पड़ रही है। सरसों के तेल की कीमतों में पिछले दिनों तेजी देखने को मिली है। पहले 190 से 200 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला सरसों का तेल अब 210 से 220 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। वहीं, पिसे नमक की कीमत भी 30 रुपये से बढ़कर 34 रुपये प्रति किलो हो गई है। रोजाना इस्तेमाल होने वाली इन वस्तुओं के दाम बढ़ने का सीधा असर घरों के मासिक बजट पर पड़ रहा है।

इसके अलावा मसालों की कीमतों में भी बढ़ोतरी से भोजन तैयार करने की लागत बढ़ गई है। गृहिणी सुनीता पांडेय, मीरा तिवारी, पिंकी का कहना है कि पहले ही आटा, दाल, सब्जी और अन्य खाद्य पदार्थों पर काफी खर्च करना पड़ रहा है। अब तेल और नमक जैसी जरूरी वस्तुओं के महंगे होने से बचत करना मुश्किल हो रहा है। गृहिणियों के मुताबिक रसोई का खर्च लगातार बढ़ रहा है, जबकि आमदनी में उसी अनुपात में बढ़ोतरी नहीं हो रही है।

———

तेल की खपत में कटौती करना मजबूरी

गृहिणी विमला देवी ने बताया कि सरसों के तेल के दाम बढ़ने से परिवारों को मासिक खर्च में कटौती करनी पड़ रही है। कई घरों में तेल का इस्तेमाल सीमित करने की नौबत आ गई है।

———

चार रुपये महंगा हुआ नमक

गृहिणी शारदा देवी ने कहा कि पिसे नमक की कीमत 30 रुपये से बढ़कर 34 रुपये प्रति किलो हो गई है। रोजमर्रा की जरूरत की इस वस्तु के महंगे होने से भी उपभोक्ताओं की जेब पर असर पड़ रहा है।



Source link