लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड से मलबा गिरने के बाद बंद की गई कानपुर से लखनऊ आने वाली लेन मंगलवार शाम वाहनों के लिए खोल दी गई। मुख्य मरम्मत का काम 24 सितंबर तक पूरा हो चुका था लेकिन लगातार बारिश के कारण सड़क पर डामर की अंतिम परत नहीं बिछाई जा सकी थी। पिछले दो दिनों से मौसम साफ होने के बाद मंगलवार को डामर की परत बिछाने का काम पूरा हो गया। इसके बाद लेन को यातायात के लिए खोल दिया गया और वाहनों का आवागमन सामान्य हो गया।
दरअसल, 13 सितंबर की रात एक्सप्रेसवे की कानपुर से लखनऊ आने वाली लेन में बंथरा के पास किलोमीटर संख्या 14.4 पर एलिवेटेड रोड के स्लैब का हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया था। इसके बाद 14 सितंबर को सुरक्षा के लिहाज से इस लेन को बंद कर दिया गया था।
मंगलवार को लेन खुलने से पहले करीब 15 दिन तक इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। वाहनों को बनी से पहले नीचे उतारकर सर्विस रोड के रास्ते लखनऊ भेजा जा रहा था।एनएचएआई के परियोजना निदेशक नवरत्न के मुताबिक, क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत पूरी कर ली गई है। करीब ढाई मीटर के क्षतिग्रस्त स्पैन को हटाकर उसकी जगह उच्च क्षमता वाला नया स्पैन लगाया गया है। मुख्य मरम्मत का काम 24 सितंबर तक पूरा हो गया था।
