जागरण संवाददाता, जौनपुर। राजधानी लखनऊ में सराफा कारोबारी से हुए चर्चित सोना लूटकांड में खाकी को दागदार करने वाला बड़ा खुलासा हुआ है। इस पूरी वारदात का मुख्य साजिशकर्ता जौनपुर जिले के लाइनबाजार थाने में तैनात सिपाही विनय शंकर निकला है। मामले की गंभीरता और लखनऊ पुलिस की जांच रिपोर्ट को देखते हुए जौनपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) यशवीर सिंह ने आरोपित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
ऐसे रची गई थी लूट की पूरी साजिश
लखनऊ पुलिस की गहन तफ्तीश में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि वारदात की पटकथा जौनपुर में ही लिखी गई थी। आरोपित सिपाही विनय शंकर ने अपने कुछ आपराधिक साथियों के साथ मिलकर इस लूट की साजिश रची थी। सिपाही को कहीं से इस बात की पुख्ता जानकारी मिली थी कि सराफा कारोबारी महेंद्र दास भारी मात्रा में सोना लेकर लखनऊ जा रहे हैं। मुखबिरी करते हुए विनय शंकर ने कारोबारी के रूट और आवागमन की पल-पल की सूचना अपने गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाई।
पुलिसकर्मी बनकर दिया वारदात को अंजाम
सिपाही से सटीक लोकेशन और जानकारी मिलने के बाद गिरोह के बदमाश पूरी तरह सक्रिय हो गए। योजना के मुताबिक, बदमाशों ने लखनऊ में खुद को पुलिसकर्मी बताकर सराफा कारोबारी महेंद्र दास को रोका। चेकिंग और पूछताछ के बहाने बदमाशों ने कारोबारी को झांसे में लिया और उनके पास मौजूद सोना लूटकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद लखनऊ पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से कड़ियां जोड़नी शुरू कीं, तो शक की सुई जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर की ओर घूम गई।
विभागीय जांच के भी दिए गए आदेश
लखनऊ पुलिस से मिले ठोस साक्ष्यों के आधार पर जौनपुर पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। एसपी यशवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिपाही विनय शंकर की इस लूटकांड में संलिप्तता स्पष्ट रूप से सामने आई है। अनुशासनहीनता और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अपराध से सांठगांठ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। निलंबन के साथ ही आरोपित सिपाही के खिलाफ विस्तृत विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद बर्खास्तगी समेत अन्य कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लखनऊ पुलिस की टीमें इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
