pilibhit traffic police save woman from jumping into gauhniya pond

युवती को बाहर निकालते लोग
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

यूपी के पीलीभीत स्थित टनकपुर हाईवे पर सोमवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब गौहनियां तालाब के पास पहुंची एक युवती ने अचानक उसमें कूदने का प्रयास किया। युवती को तालाब के पानी में उतरता देख राहगीरों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर कुछ दूरी पर मौजूद यातायात पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए युवती को तालाब में कूदने से बचा लिया। समय रहते पुलिसकर्मियों के पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया।


                     

घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। कोतवाली क्षेत्र के टनकपुर हाईवे पर स्थित गौहनियां तालाब के पास एक युवती पैदल पहुंची थी। कुछ देर बाद वह तालाब में कूदने लगी। अचानक युवती को इस तरह कदम उठाते देख आसपास से गुजर रहे राहगीरों की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल शोर मचाकर उसे रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां से कुछ दूरी पर मौजूद यातायात पुलिसकर्मियों को भी इसकी जानकारी हो गई। पुलिसकर्मी बिना देर किए मौके पर पहुंचे और युवती को तालाब में कूदने से रोक लिया। 

युवती को सुरक्षित बचाने के बाद पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत कर उसके घर और परिजनों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। इसी बीच वहां मौजूद कुछ राहगीरों ने युवती को पहचान लिया। उन्होंने उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही कुछ देर बाद कोतवाली क्षेत्र में ठेका चौकी के पास रहने वाले युवती के मामा मौके पर पहुंच गए। मामा ने पुलिसकर्मियों को बताया कि युवती उनकी भांजी है। उसकी मां की पहले ही मौत हो चुकी है। युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसकी देखभाल व परवरिश परिवार के लोग ही कर रहे हैं।

सोमवार सुबह किसी समय वह घर से बिना बताए निकल गई थी। इसके बाद से परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच उसके गौहनियां तालाब पहुंचने और वहां कूदने का प्रयास करने की जानकारी मिली। युवती के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंच गए थे। युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। जानकारी जुटाकर नियमानुसार युवती को परिजन को सौंप दिया गया।



Source link