4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: संविधान दिवस पर सीतापुर पुलिस ने भी लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार यादव ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया। इस दौरान सभी ने संविधान के मूल्यों की रक्षा करने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लिया।

ASP विनय कुमार यादव ने दिलाई संविधान की शपथ

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एएसपी विनय कुमार यादव ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़कर सुनाई। इसके बाद सभी पुलिसकर्मियों ने संविधान में निहित आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ ली।

न्याय, स्वतंत्रता और समानता के संकल्प को दोहराया

शपथ के दौरान पुलिसकर्मियों ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के संवैधानिक संकल्प को दोहराया। साथ ही सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धार्मिक आजादी तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करने के आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता जताई।

जिले के सभी थानों में भी आयोजित हुए कार्यक्रम

कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को संविधान के प्रति सम्मान बनाए रखने और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने का संदेश दिया गया। जनपद के सभी थानों में भी थाना प्रभारियों ने पुलिसकर्मियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: मांगलिक कार्यक्रम में गया था परिवार, पीछे से चोरों ने साफ कर दिया पूर्व सभासद का घर



Source link