राधेश्याम, रामपुर। परिषदीय विद्यालयों में खेल सामग्री अलमारी में बंद रखने और गतिविधियों को कागजों तक सीमित करने की गुंजाइश अब कम होगी। स्कूलों में बच्चों को नियमित खेल खिलाने के साथ गतिविधियों की तस्वीरें और पूरा विवरण को प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करना होगा। विभाग डिजिटल रिकार्ड के जरिये यह परखेगा कि विद्यालयों में खेल गतिविधियां वास्तव में हो रही हैं या केवल औपचारिकता निभाई जा रही है।
जिले में 1596 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें करीब 1.54 लाख बच्चे पंजीकृत हैं। खेल सामग्री खरीदने के लिए प्राथमिक विद्यालयों को प्रतिवर्ष पांच हजार रुपये और जूनियर विद्यालयों को 10 हजार रुपये दिए जाते हैं।
इस बजट से खो-खो, कबड्डी, फुटबाल, बास्केटबाल, बैडमिंटन और वॉलीबाल समेत विभिन्न खेलों की सामग्री खरीदी जाती है। इसके बावजूद कई विद्यालयों में खेल सामग्री का अपेक्षित इस्तेमाल नहीं हो पाता।
अब शिक्षकों को बच्चों को खेल गतिविधियों में शामिल कर उनकी तस्वीरें लेने के साथ विवरण प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करना होगा। नई व्यवस्था में खेल गतिविधियों के जरिये बच्चों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा।
पोर्टल पर अपलोड तस्वीरों से स्कूलों में खेल की नियमितता का आकलन होगा। इससे पढ़ाई के साथ खेल को भी बच्चों की दिनचर्या का हिस्सा बनाने और प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिलेगा।
अब खेल गतिविधियों के दौरान बच्चों की भागीदारी का रिकार्ड तैयार होगा। पोर्टल पर अपलोड तस्वीरों और विवरण से अधिकारियों को विद्यालयों में खेलों की स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी।
खंड शिक्षा अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान खेल गतिविधियों की जानकारी लेंगे। इससे स्कूलों में खेल सामग्री के इस्तेमाल, बच्चों की भागीदारी और गतिविधियों की नियमितता पर नजर रखी जा सकेगी।
व्यवस्था का उद्देश्य केवल खेल सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उसका मैदान पर इस्तेमाल सुनिश्चित करना है। बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल गतिविधियां बेहद महत्वपूर्ण हैं।
स्कूलों में नियमित खेल कराए जाने पर जोर दिया जा रहा है। गतिविधियों की तस्वीरें और विवरण पोर्टल पर अपलोड होने से उनकी निगरानी की जा सकेगी। शिक्षकों को खेलों में बच्चों की सहभागिता बढ़ाने और उपलब्ध खेल सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे।
