सात फेरों से पहले मंडप में पहुंची महिला सिपाही, बोली- दूल्हा मेरा बॉयफ्रेंड है, टूट गई शादी

कॉन्सेप्ट इमेज.

Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक शादी समारोह के दौरान ऐसा हंगामा हुआ कि सात फेरों की तैयारी धरी रह गई. दूल्हा-दुल्हन मंडप में शादी की रस्में पूरी करने वाले थे, तभी एक महिला पुलिसकर्मी मैरिज होम पहुंच गई. उसने दूल्हे को अपना बॉयफ्रेंड बताते हुए शादी पर विरोध जताया. महिला के इस दावे के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया और समारोह में अफरा-तफरी मच गई. आखिरकार मामला थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ. दूल्हे के परिवार ने शादी की तैयारियों पर दुल्हन पक्ष की ओर से किया गया खर्च भी वापस कर दिया.

सात फेरों से पहले मैरिज होम पहुंची महिला सिपाही

पूरा मामला टूंडला इलाके का है. यहां स्टेशन रोड स्थित रॉयल गार्डन मैरिज होम में 24 नवंबर को एक शादी समारोह आयोजित किया गया था. मैनपुरी के बरनाहल इलाके की रहने वाली युवती की शादी नारखी थाना क्षेत्र के नगला रामकुंवरि जाटऊ निवासी एक युवक से तय हुई थी. दूल्हा उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है.

ये भी पढे़ं- गोरखपुर के तिवारी हाता की बहू बनेंगी उदयभान करवरिया की बेटी, विनय शंकर तिवारी के बेटे से हुई सगाई

शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. मेहमान भी समारोह में पहुंच चुके थे और सात फेरों की रस्म की तैयारी चल रही थी. इसी बीच एक महिला पुलिसकर्मी अचानक मैरिज होम पहुंच गई. उसने दूल्हे को अपना प्रेमी बताते हुए इस शादी पर आपत्ति जता दी. बताया जा रहा कि आरोप लगाने वाली महिला भी यूपी पुलिस में सिपाही है.

महिला के दावे पर दुल्हन पक्ष ने रोकी शादी

महिला के इस दावे से शादी समारोह में हड़कंप मच गया. दुल्हन पक्ष के लोगों ने महिला की बात सुनने के बाद शादी की रस्में रुकवा दीं. उन्होंने दूल्हे के साथ अपनी बेटी की शादी करने से इनकार कर दिया. देखते ही देखते शादी की खुशियां विवाद में बदल गईं. महिला सिपाही अपना दावा करने के बाद मैरिज होम से चली गई, लेकिन तब तक शादी टूटने की स्थिति बन चुकी थी. दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ने लगा. जिस घर में कुछ देर पहले शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक विवाद का माहौल बन गया.

थाने में हुई पंचायत, वापस किया शादी का खर्च

मामले की जानकारी मिलने पर टूंडला पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को थाने बुलाया. वहां दोनों परिवारों के रिश्तेदारों की मौजूदगी में बातचीत शुरू हुई. काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया. समझौते के तहत दूल्हे के परिवार ने शादी की तैयारियों में दुल्हन पक्ष की ओर से खर्च की गई रकम वापस कर दी. इसके बाद दोनों परिवारों के बीच सहमति बन गई और विवाद खत्म हो गया.

पुलिस ने सार्वजनिक नहीं की पहचान

इस पूरे मामले में पुलिस ने दूल्हे, दुल्हन और आरोप लगाने वाली महिला सिपाही की पहचान सार्वजनिक नहीं की है. समझौता होने के बाद पुलिस की ओर से भी मामले में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई. इस तरह जिस शादी में दूल्हा-दुल्हन सात फेरे लेने वाले थे, वहां महिला सिपाही के दावे के बाद शादी रुक गई और मामला थाने में हुए समझौते पर खत्म हुआ.

सचिन यादव

सचिन यादव

सचिन यादव पिछले लगभग 10 वर्षों से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और अपनी निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक स्थानीय समाचार चैनल से की, जहां उन्होंने जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग करते हुए समाचार जगत की बारीकियों को समझा और अपने अनुभव को मजबूत बनाया.

वर्ष 2017 में सचिन यादव ने देश के प्रतिष्ठित समाचार संस्थान TV9 Bharatvarsh के साथ अपनी नई पारी शुरू की. तब से लेकर वर्तमान तक वे TV9 भारतवर्ष के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं और क्षेत्रीय से लेकर राष्ट्रीय महत्व की खबरों की रिपोर्टिंग कर चुके हैं. उनकी रिपोर्टिंग का प्रमुख कार्यक्षेत्र विश्व प्रसिद्ध चूड़ी उद्योग के लिए पहचान रखने वाला शहर फ़िरोज़ाबाद रहा है, जहां उन्होंने अपराध, खेल, सामाजिक, प्रशासनिक और जनसरोकार से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया है.

अपने पत्रकारिता जीवन में सचिन यादव ने हमेशा खबरों की सत्यता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. उन्होंने कई महत्वपूर्ण घटनाओं की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर जनता तक सही और सटीक जानकारी पहुंचाने का कार्य किया है. उनकी रिपोर्टिंग शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं और मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के लिए जानी जाती है.

Read More



Source link