खेल प्रतिभाओं की धरती झांसी का एक और बेटा अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के लिए खेलेगा। युवा धावक अंशु रजक का चयन भारतीय टीम में 22वीं एनडी एशिया एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है। 100 मीटर दौड़ में अपनी तेज रफ्तार से पहचान बना चुके अंशु अब हांगकांग में भारत की जर्सी पहनकर दौड़ते नजर आएंगे। यह प्रतियोगिता 28 से 31 मई तक आयोजित की जा रही है, जिसके लिए भारतीय एथलेटिक्स संघ ने टीम घोषित की है।
इसके पहले भी अंशु ने कई प्रतियोगिताओं उच्च स्तर का प्रदर्शन किया है। पटना में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 100 मीटर और 200 मीटर में स्वर्ण पदक जीतकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। अप्रैल में कर्नाटक में आयोजित प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन किया है।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव अर्जुन सिंह ने बताया कि यह अंशु की मेहनत, अनुशासन और लगातार प्रदर्शन का ही परिणाम है कि उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली है। संघ अध्यक्ष असद उल्ला खां, उपाध्यक्ष निजामुद्दीन, सहायक सचिव शैलेंद्र कुमार, यूएन सिंह, मिश्रीलाल, बृजेंद्र सिंह राठौर, दिनेश बहादुर सिंह, राम सिंह, जिला ओलंपिक संघ सचिव कपिल कुमार, पृथ्वीराज सिंह, ऋषभ द्विवेदी और राजा खान ने भी बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
