हापुड़ (उप्र), 26 नवंबर (भाषा) हापुड़ जिले के एक गांव में डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त पाए जाने के बाद ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन किया और घटना के लिए दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना बुधवार देर रात हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के पीरनगर सुदना गांव में हुई।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और आक्रोश जताया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान करके उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर आंबेडकर की नयी प्रतिमा स्थापित कराने की मांग भी की।
अधिकारियों के मुताबिक सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले लोगों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब
