फर्जी आधार व पैन कार्ड रखने वाले होमगार्ड परीक्षा के अभ्यर्थी के खिलाफ हाथरस पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बायोमीट्रिक के दौरान संशय होने पर युवक से पूछताछ की गई थी। इसके बाद उसके मोबाइल की जांच हुई तो प्रकरण का खुलासा हुआ।
युवक की पहचान धर्मेंद्र उर्फ धर्मपाल निवासी जलेसर एटा के रूप में हुई है। वह 27 अप्रैल को अंतिम पाली में पीसी बागला इंटर कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचा था। बॉयोमीट्रिक के दौरान ही दो नाम सामने आने पर पुलिस को शक हुआ था। छानबीन की गई तो बॉयोमीट्रिक व पहचान पत्र उसी युवक के निकले। इस पर उसे परीक्षा देने दी गई।
पुलिस को शक था इसलिए परीक्षा होते ही युवक को हिरासत में ले लिया गया। उसके मोबाइल की जांच की गई तो उसमें तीन आधार कार्ड मिले। आधार कार्ड पर पिता के नाम व पते अलग थे। किसी में धर्मेंद्र लिखा तो किसी में धर्मपाल। इसके अलावा अलग-अलग नंबर के पैनकार्ड भी मिले। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ फर्जी आईडी बनाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल छानबीन में उसके सॉल्वर होने की जानकारी सामने नहीं आई है। कहीं और भी परीक्षा देने की आशंका पर भी पुलिस को कोई साक्ष्य नहीं मिला है।
