उदी (इटावा)। तेज रफ्तार स्लीपर बस की सीधी टक्कर से बाइक सवार दो छात्रों की मौत हो गई। हादसा गुरुवार दोपहर उदी-बाह मार्ग (स्टेट हाईवे) स्थित ग्राम कृष्णानगर पुल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 80 की रफ्तार से दौड़ रही बस छात्रों को दूर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद चालक बस को छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लिया है। बस दिल्ली से भिंड जा रही थी। हादसे का कारण ओवरटेकिंग बताया जा रहा है।

क्षेत्र पूरा रेवाड़ी निवासी प्रिंस पाल (15) पुत्र राजेंद्र पाल और पछायगांव निवासी उसका दोस्त अर्पित जाटव (15) पुत्र नरेश जाटव शकुंतलम स्कूल में कक्षा 10 के छात्र थे। परिजनों के मुताबिक, प्रिंस का दाखिला दिल्ली के एक स्कूल में कराया गया था। उसे 20 तारीख को दिल्ली जाना था। बुधवार सुबह प्रिंस अपने दोस्त अर्पित के साथ बाइक से स्कूल से टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) लेने निकला था। अर्पित भी हाईस्कूल कंपार्टमेंट परीक्षा की जानकारी लेने के लिए उसके साथ चल दिया था।

दोपहर करीब एक बजकर 10 मिनट पर वे स्कूल से घर लौट रहे थे। ग्राम कृष्णानगर पुल के पास प्रिंस ने आग जा रहे वाहन को ओवरटेक किया तो सामने से आ रही स्लीपर बस ने उन दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। बस की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह दोनों छात्रों को करीब 200 मीटर तक घसीटते चली गई। इसमें दोनों की मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। बस चालक के भागने से उसकी सवारियां काफी देर तक सड़क किनारे परेशान हालत में खड़ी रहीं। बाद में सवारियां दूसरे साधनों से गंतव्य के लिए रवाना हुई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक पछायगांव निर्मला कुमारी और थाना प्रभारी निरीक्षक बढ़पुरा नरेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी सिटी अभय नारायण त्रिपाठी तथा सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जसवंतनगर सीओ आयुषी सिंह ने थानाध्यक्ष को बस चालक को जल्द ही पकड़ने के निर्देश दिए।

प्रिंस पाल दो भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता राजेंद्र पाल मजदूरी करते हैं। बड़े भाई कन्हैया लाल ने बताया कि परिवार अभी एक शोक से उबर भी नहीं पाया था। हाल ही में ताऊ के लड़के की हार्ट अटैक से मौत हुई थी जिसका अंतिम संस्कार कर परिवार लौटा था। अब घर के सबसे छोटे सदस्य की मौत से कोहराम मच गया है। मां किरण और बहन कीर्ति, भाई और अन्य परिजन समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, अर्पित जाटव दो भाइयों में छोटा भाई बताया गया है। उसके पिता नरेश जाटव चाय की दुकान लगाते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *