अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पुलिस भर्ती परीक्षा समेत अन्य कई परीक्षाओं के पेपर लीक करने का आरोपी सोमवार को स्वॉट और नवाबाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित था। आरोपी युवक ने पुलिस को कई अहम सुराग दिए हैं। पुलिस उसके साथियों को भी तलाश रही है।
मूल रूप से बिहार के बेलहर निवासी आशीष कुमार इस साल आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में आरोपी था। नवाबाद थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज था। सोमवार सुबह आरोपी के जीआरपी थाने के पास मौजूद होने की सूचना मिली। तुरंत मौके पर स्वॉट एवं नवाबाद पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को यहां से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मोबाइल फोन समेत अन्य वस्तुएं बरामद की गई हैं।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक, आरोपी पुलिस भर्ती समेत अन्य परीक्षाओं में सेंधमारी, पेपर आउट तथा सॉल्वर बनाकर अन्य परीक्षार्थी की जगह बैठकर पेपर देने वाले गिरोह का सदस्य है। पूछताछ में उसने बताया कि वह केंद्र एवं राज्य सरकार की कई नियुक्ति परीक्षा में सेंधमारी कर चुका है।
