अमेठी सिटी। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को लगे किसान दिवस में किसानों ने बेबाकी से अपनी बात रखी। किसानों ने निराश्रित गोवंशों से लेकर बिजली कटौती और माइनरों में टेल तक पानी नहीं पहुंचने का मुद्दा उठाया। डीएम निशा अनंत ने संबंधित विभागों को शिकायतों के निस्तारण की जिम्मेदारी दी।
गौरीगंज के कौहार निवासी किसान राकेश मिश्र ने दिवस में निराश्रित गोवंश का मुद्दा उठाया। कहा कि सड़क से सीवान तक निराश्रित गोवंशों की भरमार है। निराश्रित गोवंश धान की फसल नष्ट कर रहे है। रात में उनके सड़कों पर मौजूद होने से हादसे की आशंका बनी रहती है। किसान दयाशंकर ने कहा कि मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत सुपुर्द लिए गए गोवंशों के भरण-पोषण का अनुदान नहीं मिल रहा है। डीएम ने सीवीओ को अनुदान अंतरित करने के साथ अभियान संचालित कर गोवंशों को पकड़ कर आश्रय केंद्र में संरक्षित करने को कहा।
त्रिवेणी पांडेय ने टिकरिया माइनर में पानी नहीं आने, वहीं अजय सिंह ने शाहपुर रेसी माइनर में पानी नहीं पहुंचने की बात उठाई। डीएम ने एक्सईएन सिंचाई को मामले का निस्तारण कर टेल तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। अन्य किसानों ने पेयजल योजना के अंतर्गत पाइप लाइन डालने के दौरान सड़कों को खोदने के बाद उनकी गुणवत्तापूर्ण मरम्मत नहीं किए जाने, अघोषित बिजली कटौती सहित अन्य मुद्दों को उठाया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समाधान के लिए दिशा निर्देश दिए।
दिवस में किसानों को खेती-किसानी के साथ कृषि, उद्यान, पशुपालन सहित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान एडीएम अर्पित गुप्ता, डीडीओ वीरभानु सिंह, उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार तिवारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत संजय गुप्ता, अधिशासी अभियंता सिंचाई/नलकूप, सीवीओ डॉ. पीएन शुक्ला आदि मौजूद रहे।
