मंडलायुक्त कार्यालय स्थित लघु सभागार में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने मंडल के अलग-अलग जिलों में चल रही पशुपालन, पंचायती राज, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में मंडलायुक्त ने आगरा में निर्माणाधीन वृहद गो संरक्षण केंद्रों और कान्हा गोशालाओं का निर्माण कार्य समय पर पूरा न होने पर नाराजगी जताई और अंतिम तिथि निर्धारित कर निर्माण कार्य समय पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंडल की गोचर भूमि पर हरा चारा बोने और मथुरा तथा मैनपुरी में लक्ष्य के सापेक्ष शेष गोवंश की शिफ्टिंग को प्राथमिकता पर पूरा करने को कहा। पंचायती राज विभाग की समीक्षा में आगरा, मथुरा और मैनपुरी में अवशेष अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण जल्द पूरा करने तथा अवशेष विद्यालयों को फर्नीचर से संतृप्त करने का निर्देश दिया गया।

जननी सुरक्षा योजना में आगरा जिले में सबसे कम लाभार्थियों को भुगतान होने पर मंडलायुक्त ने समीक्षा कर प्रगति सुधारने की सख्त हिदायत दी। इसके अलावा, गोल्डन कार्ड की प्रगति बढ़ाने और सरकारी भवनों पर रूफ टॉप सोलर योजना में सुस्ती पर चारों जनपदों के जिलाधिकारियों को समीक्षात्मक अध्ययन के निर्देश दिए।

बैठक में सीएम युवा उद्यमी योजना, रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के लंबित प्रकरणों का तुरंत निस्तारण करने तथा रिक्त उचित दर राशन दुकानों पर नए चयन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा। संयुक्त विकास आयुक्त उमेश मणि त्रिपाठी, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी व मथुरा के जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी समेत अन्य मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *