आगरा के बाबरपुर में आयोजित होने वाली जनकपुरी से पहले क्षेत्र का नाम बदलकर जनकपुरी रखने के प्रस्ताव में बदलाव किया गया है। अब पूरे बाबरपुर क्षेत्र की जगह बाबरपुर रोड का नाम बदलकर जनकपुरी मार्ग किया जाएगा।
तकनीकी कारणों से नगर निगम को पूरे बाबरपुर क्षेत्र का नाम बदलने में समस्या आ रही है। इसके कारण निगम ने क्षेत्र की जगह सड़क का नाम बदलने के संकेत दिए हैं। केके नगर के पार्षद वेदप्रकाश गोस्वामी ने बाबरपुर रोड का नाम जनकपुरी मार्ग रखने का प्रस्ताव दिया है।
पार्षद ने बताया कि वार्ड-88 में बाबरपुर रोड, भावना एस्टेट के पास भव्य जनकपुरी महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। मुगल शासक के नाम पर रखे गए क्षेत्र के नाम को बदलने की मांग लोगों ने की है।
उन्होंने बाबरपुर मार्ग का नाम बदलकर जनकपुरी मार्ग रखने के लिए मेयर हेमलता दिवाकर को प्रस्ताव सौंपा है।
मेयर हेमलता दिवाकर ने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक में यह प्रस्ताव पेश नहीं किया गया। इसे सदन में लाया जाएगा। निगम से नाम बदलने का प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा जाएगा। अंतिम फैसला शासन से होना है।
