आगरा के एमजी रोड के रावली पुल पर लोगों को 25 दिन तक जाम का दर्द झेलना होगा। मेट्रो ने पिलर निर्माण के लिए यातायात पुलिस से एक महीने तक निर्माण कार्य की अनुमति मांगी है। पांच दिन बीत चुके हैं। रोजाना सुबह और शाम जाम की समस्या का लोगों को सामना करना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें – आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अब AI की नजर: रॉन्ग साइड चलाते ही कंट्रोल रूम को मिलेगा अलर्ट, हादसों पर लगेगी लगाम
आगरा कैंट से लेकर भगवान टॉकीज होते हुए कालिंदी विहार तक मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। एमजी रोड पर पिलर बनाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। कुछ स्थान पर पिलर बनाए जाने हैं। इसके लिए बैरिकेडिंग लगी हुई हैं। इनमें रावली पुल के पास, कलेक्ट्रेट, धाकरान चौराहा और हरीपर्वत पर सड़क के बीचों-बीच पिलर बनाने का काम चल रहा है। अब विद्यालय भी खुल चुके हैं। ऐसे में स्कूली बस, वैन और ऑटो भी निकल रहे हैं।
ये भी पढ़ें – बारिश में बिलों से बाहर निकले सांप: कदम-कदम पर खतरा, सर्पदंश से युवती की मौत; ये इंजेक्शन बचाएगा जान
एमजी रोड पर सिटी बसों का भी संचालन हो रहा है। ऐसे में रोजाना जाम की समस्या हो रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत रावली पर है। यहां पर पुल के ऊपर बैरिकेडिंग लगाई गई है। इससे कलेक्ट्रेट से एसबीआई तिराहे की तरफ जाने वाली लेन पर बने रेलवे पुल की आधी सड़क पूरी तरह से घिर गई। ऐसे में जब सिटी बस निकलती हैं तो पीछे वाहन फंस जाते हैं। पुलिसकर्मी तैनात होने के बावजूद वाहनों की लाइन लग रही है। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि मेट्रो को निर्माण कार्य के लिए एक महीने की अनुमति दी गई है। तब तक के लिए वैकल्पिक मार्ग पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पीक आवर्स में वाहनों को इन मार्ग से निकाला जाएगा। इसके साथ ही स्कूलों के समय बदलने के लिए भी प्रबंधकों से वार्ता की जाएगी।
ये भी पढ़ें – UP: रिटेल चेन स्टोर में बिक रहा था घटिया साबूदाना, जांच में खुलासा; कोर्ट ने लगाया 1.15 लाख का जुर्माना
जाम रोकने के लिए पुलिस चौकियाें में तैनात होगा अतिरिक्त फोर्स
शहर के प्रमुख नौ चौराहों पर जाम की समस्या रोकने के लिए संबंधित पुलिस चौकियों में अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात होंगे। स्कूलों की छुट्टी के समय पुलिसकर्मी चौराहों पर तैनात रहेंगे। नगर निगम चौराहों पर और संकेतक लगवाएगा। यातायात पुलिस की समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त सचिंद्र पटेल ने यह निर्देश दिए हैं। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि शहर में जाम की समस्या से निजात के लिए नौ चौराहे चिह्नित किए गए थे। इनके 50 मीटर के क्षेत्र को नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन बनाया गया था। लोगों को यातायात के नियमों का पालन करने के लिए संकेतक लगाए गए थे। प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस लाउडस्पीकर की मदद से यातायात संचालन कर रही है। अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने यातायात पुलिस के सभी इंस्पेक्टर के साथ समीक्षा बैठक कर निर्देश दिए हैं। प्रमुख चौराहों की पुलिस चौकियों के प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इन चौकियों को अतिरिक्त फोर्स भी दिया जाएगा। एमजी रोड पर यातायात पुलिस के सिपाहियों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
ये भी पढ़ें – भिंडी बनी मुसीबत: आगरा-दिल्ली हाईवे पर आफत, मुश्किल में पड़ गए लोग; एक के बाद एक गिरते रहे बाइक सवार
