आगरा। गाजियाबाद में आयोजित हुए डॉ. अखिलेश दास गुप्ता स्मृति उत्तर प्रदेश राज्य वरिष्ठ बैडमिंटन प्रतियोगिता में आगरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दिव्यांशी गौतम ने महिला एकल और आयुष अग्रवाल व दक्ष गौतम की जोड़ी ने पुरुष युगल वर्ग का खिताब जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

दिव्यांशी ने पहले दौर में गाजियाबाद की रूपा कुमारी को 30-8 से हराया। इसके बाद बिजनौर की आयुषी काला को 30-11 से शिकस्त देकर अंतिम आठ में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में मुजफ्फरनगर की नलिन किशोर को 15-5, 15-6 से पराजित किया। सेमीफाइनल में मुरादाबाद की तरनजीत कौर को 15-12, 11-15, 17-15 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में हापुड़ की काजल पंवार को 15-4, 15-9 से मात देकर महिला एकल का स्वर्णिम खिताब अपने नाम किया।

द्वितीय वरीयता प्राप्त आयुष अग्रवाल और दक्ष गौतम की जोड़ी ने पुरुष युगल के पहले दौर में देवांश मौर्य और सुमित तिवारी को 30-22 से हराया। प्री-क्वार्टर फाइनल में सहारनपुर के अंश हांडा और ध्रुव कुमार को 30-17 से शिकस्त दी। क्वार्टर फाइनल में बलकेश्री यादव और अस्मित सिंह की जोड़ी को 15-12, 15-7 से पराजित किया। सेमीफाइनल में आरुष श्रीवास्तव और उत्तर प्रदेश पुलिस के राजन यादव को 15-13, 15-4 से हराकर जगह बनाई। फाइनल में सहारनपुर के अतुल कुमार और प्रदीप कुमार के खिलाफ 12-15, 17-15, 15-8 से जीत दर्ज कर पुरुष युगल का खिताब हासिल किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला बैडमिंटन संघ के संरक्षक महेश नौटियाल, जीएसटी के अपर आयुक्त (ग्रेड-1) पंकज गांधी, अध्यक्ष बीना लवानिया, चेयरमैन विनोद सीतलानी, सचिव राहुल पालीवाल, नंदी रावत और मनीष गुडवानी ने बधाई दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *