स्वच्छता एवं जन जागरूकता अभियानों के बावजूद शहर के कई क्षेत्रों में कूड़े के निस्तारण के लिए डस्टबिन का उपयोग न करने पर नगर निगम ने कमला नगर में 60 से अधिक दुकानदारों पर कार्रवाई की। सभी को नोटिस थमाकर मौके पर ही जुर्माना वसूला गया।
एसएफआई संजीव यादव के नेतृत्व में बुधवार को कमला नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कमलानगर के ए, बी, सी और डी ब्लॉक सहित मुख्य बाजार का निरीक्षण किया गया। माैके पर कूड़ा सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने और डस्टबिन का उपयोग न करने वाले पांच दर्जन से अधिक दुकानदारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
टीम ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी जागरूकता कार्यक्रम चलाया। दुकानदारों और ग्राहकों को प्लास्टिक बैग का उपयोग बंद करने तथा इसके स्थान पर कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया।
