राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के सरकारी डेटा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को साइबर हमलों से सुरक्षित करने के लिए बुधवार को लखनऊ में विशेषज्ञ जुटेंगे। उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फारेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) की पहल पर आयोजित कार्यशाला में प्रदेश की साइबर सुरक्षा का मास्टर प्लान तैयार करने और भविष्य के खतरों से निपटने की रणनीति पर मंथन होगा। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) और क्वांटम तकनीक से पैदा होने वाली चुनौतियां भी चर्चा के केंद्र में रहेंगी।

गोमतीनगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कान्फ्रेंस हाल में सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक होने वाली कार्यशाला में शासन, पुलिस, तकनीकी संस्थानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआइ) और सिस्को की भी भागीदारी रहेगी।

यूपीएसआईएफएस के निदेशक डा. जीके गोस्वामी के अनुसार, कार्यशाला में सरकारी विभागों की मौजूदा साइबर सुरक्षा व्यवस्था का आकलन, डेटा चोरी और एआइ आधारित हमलों से बचाव, साइबर घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई तथा विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर चर्चा होगी।



Source link