छर्रा-अतरौली रोड पर गांव इस्माइलपुर मोड़ के समीप टायर फटने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब पांच फुट गहरे गड्ढे में पलट गई। दोपहर बाद करीब 3:30 बजे हुए हादसे में कथा के कलश विसर्जित कर गंगा स्नान करने जा रहे तीन मासूम बच्चों सहित 23 श्रद्धालु घायल हुए हैं। इनमें से छह ममता, रूमा देवी, सुमन, बाबूलाल, ऊषा देवी और उर्मिला को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ट्रैक्टर ट्रॉली में करीब 30 लोग श्रद्धालु सवार थे। ज्यादातर ट्रॉली में भगोने में भरी गर्म सब्जी ऊपर गिरने से झुलसे हैं। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छर्रा लाया गया। 17 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से छुट्टी दे दी गई, जिन्हें परिजन और ग्रामीण गांव ले गए।
यह सभी बरला थाना क्षेत्र के गांव अलहदादपुर के निवासी हैं। साथ मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो मई से 10 मई तक भागवत कथा हुई। कथा के विश्राम पर 11 मई को हवन और भंडारा हुआ। कथास्थल से पूर्व निकाली गई कलश यात्रा के 41 कलश को गंगा में विसर्जित करने के लिए सभी रामघाट जा रहे थे। कलश विसर्जन और गंगा स्नान के बाद गंगा तट पर ही मौजूद लोगों के भोजन प्रसाद के लिए गांव से ही दो भगोने में पूड़ियां और एक भगोने में आलू-टमाटर की करीब 25 किलोग्राम रसेदार सब्जी भी ट्रॉली में रखकर साथ ले जा रहे थे।