ब्लैकमेलिंग और परिजनों को तस्वीरें भेजने का आरोप, थाना लोधा में मुकदमा दर्ज
अलीगढ़। थाना लोधा क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक के खिलाफ बेटी की शादी होते ही एआई तकनीक से तैयार एडिट फोटो वायरल करने, परिजनों को भेजने और विवाहित जीवन बर्बाद करने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति थाना लोधा क्षेत्र का रहने वाला है। आरोप है कि बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक ने करीब 15 दिन पहले पीड़ित की बेटी के साथ अपनी फोटो एडिट की। आरोप है कि वह शादी का नाजायज दबाव बनाने और ब्लैकमेल करने की नीयत से इन तस्वीरों को सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से वायरल कर रहा है।
पीड़ित का यह भी कहना है कि आरोपी ने बदनाम करने की मंशा से एडिट फोटो पीड़ित, उसके भाई राजेंद्र और अन्य परिचितों के मोबाइल पर भी भेजीं। इसी बीच 20 नवंबर 2026 को बेटी का विवाह संपन्न हो गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी फोन पर पीड़ित और उसके भाई को धमकी दे रहा है कि शादी उससे न करने पर वह बेटी की शादीशुदा जिंदगी बर्बाद कर देगा।
पीड़ित ने आरोपी द्वारा भेजी गई तस्वीरों के स्क्रीनशॉट संलग्न कर थाने में तहरीर दी। पुलिस के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर निरीक्षक बेग्राम सिंह को विवेचना सौंपी गई है।
