Aligarh News: जिले के गंगीरी कस्बे में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब रात में घर से निकले 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में जनता इंटर कॉलेज के बराबर के खाली पड़े मैदान में मिला। मैदान में युवक का शव पड़ा देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मृतक की पहचान कस्बा गंगीरी के यादव नगर निवासी सोनू उर्फ भोला पुत्र पप्पू के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने सुबह मैदान में युवक को मृत अवस्था में पड़ा देखा, तो पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही एसपी देहात मनीष कुमार मिश्र और क्षेत्राधिकारी गर्वित सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, डॉग स्क्वायड के डॉग ‘टिया’ की मदद से भी घटनास्थल की जांच कराई गई।मृतक के भाई रवि ने बताया कि भोला गुरुवार को कस्बे में आयोजित एक शादी समारोह में दावत खाने गया था। वहां से घर लौटने के बाद रात करीब 10 बजे वह दोबारा घर से बाहर चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शुक्रवार को उसका शव मैदान में मिलने की सूचना परिवार को मिली, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
वहीं, क्षेत्राधिकारी गर्वित सिंह के अनुसार, परिजनों ने पुलिस को बताया कि भोला शराब पीकर घर आया था। घर में विवाद होने पर उसे बांध भी दिया गया था। इसके बाद रात करीब 11 से 12 बजे के बीच वह 100 रुपये लेकर घर से निकल गया था। पुलिस इन परिस्थितियों को भी जांच में शामिल कर रही है।मृतक के चाचा ने बताया कि भोला की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष थी और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं। पिता खेती करते हैं, जबकि उसका भाई नौकरी करता है। चाचा के मुताबिक, भोला शादी की दावत से घर लौटा था और इसके बाद रात में घर से निकल गया था। सुबह उसकी मौत की खबर मिली। परिवार को यह जानकारी नहीं है कि उसकी मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर घटना का खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
