– दोबारा कमी मिलने पर तय होगी जिम्मेदारी
– बोर्ड ने वेबसाइट ओपेन कर दिया जांच व सुधार के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी अमेठी। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के आवेदन पत्रों में खामियों में ऑनलाइन सुधार किया जा सकता है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट को खोल दी गई है। जिस पर संबंधित विद्यालय के छात्रों के नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, जेंडर, जाति, फोटो व विषयों से संबंधित सूचना को संशोधित कर सकते हैं।
जिले में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के लिए 48865 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए हैं। इसमें हाईस्कूल में संस्थागत के रूप में 27967 व व्यक्तिगत 96 और इंटरमीडिएट में 20105 संस्थागत तथा 697 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल हैं। विलंब शुल्क के साथ आवेदन की तिथि 10 अक्तूबर तक बढ़ा दी गई है।
छात्रों के आवेदन में लगातार त्रुटि सामने आ रही थी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने त्रुटियों को सही कराने के लिए बेवसाइट पर ऑनलाइन उसे सही कराने के निर्देश दिए हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद के अपर सचिव ने छात्रों के आवेदन में त्रुटिपूर्ण शैक्षिक विवरण को सही कराने का निर्देश दिया है। जिसमे छात्रों के नाम, पिता का नाम, माता का नाम, शैक्षिक विवरण, जन्म, पता आदि को सही किया जाएगा। वेबसाइट पर प्रधानाचार्यों को परीक्षार्थियों की प्रविष्टि का दोबारा सत्यापन कर सुधार करने का मौका दिया गया है।
डीआईओएस रीता सिंह ने बताया कि वेबसाइट पर अपने अपने छात्रों के आवेदन को चेक कर लें। उसमें त्रुटि हो तो उसे सही करा दें। जिससे बाद में परेशानी न हो। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी होने के बाद त्रुटि होने पर सुधार नहीं होगा तो संबंधित प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
