{“_id”:”6b08906d84fae929f107ff74″,”slug”:”rise-in-respiratory-patients-due-to-changing-weather-amethi-news-c-96-1-ame1002-181276-2026-11-27″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Amethi News: मौसम बदलने से बढ़े सांस के मरीज”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

जिला अस्पताल में मरीजों का परीक्षण करते चिकित्सक।-संवाद
अमेठी सिटी। मौसम में उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर दिखने लगा है। तापमान में बदलाव, धूल और वातावरण में नमी के बीच सांस संबंधी परेशानियां बढ़ रही हैं। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में खांसी, सांस फूलने, सीने में भारीपन और एलर्जी की शिकायत लेकर मरीज पहुंचे।
दोपहर 12:10 बजे तक फिजिशियन कक्ष के बाहर मरीजों की आवाजाही बनी रही। इनमें बुजुर्ग भी दिखाई दी। गौरीगंज के बस्तीदेई गांव निवासी रामावती देवी ने बताया कि दो-तीन दिनों से खांसी के साथ सांस लेने में परेशानी हो रही है। थोड़ा चलने पर ही सांस फूलने लगती है।
नरौली निवासी शिवकुमार प्रजापति के अनुसार सीने में भारीपन के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। लोनियापुर निवासी अंकित जायसवाल ने बताया कि लगातार खांसी आने से रात में ठीक से नींद नहीं आती।
भवानीगढ़ निवासी कविता ने बताया कि सांस लेने में दिक्कत के साथ कमजोरी भी महसूस हो रही है। फिजिशियन डॉ. अमित यादव ने बताया कि मौसम बदलने के दौरान धूल और धुएं के संपर्क में आने से सांस संबंधी रोगियों की परेशानी बढ़ सकती है।
अस्थमा के मरीजों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। सीएमओ डॉ. रमेश ने बताया कि जिला अस्पताल में सालबुटामोल, लेवोसालबुटामोल, बुडेसोनाइड और इप्राट्रोपियम जैसी दवाएं उपलब्ध हैं। मरीजों को जांच के बाद जरूरत के अनुसार दवाएं दी जा रही हैं।
