A father was returning from counselling his daughter at her in-laws' house when he was found hanging.

मृतका मनीता देवी की फाइल फोटो

पिपरी कोतवाली के कसेंदा गांव में बुधवार रात दहेज की मांग से आजिज विवाहिता की फंदे पर लटकने से मौत हो गई। घटना से दो घंटे पहले पिता बेटी के ससुराल आए थे। उन्होंने बेटी को समझाया और ससुराल में ही गुजर-बसर करने की सलाह देकर घर लौट रहे थे। अभी वह यमुना नदी पार करने के लिए उमरवल गांव स्थित घाट पहुंचे ही थे कि रात करीब सवा आठ बजे समधी का फोन आया कि उनकी बेटी ने फांसी लगा लिया है।


प्रयागराज के लालापुर कोतवाली के प्रतापपुर गांव निवासी श्यामलाल ने बताया कि उन्होंने बेटी मनीता की शादी 14 मार्च 2024 को कसेंदा गांव निवासी चिरौंजी लाल के बेटे मनीष कुमार से की थी। शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। आरोप है कि कुछ दिन बाद ही पति मनीष एक तोले की सोने की चेन और बुलेट गाड़ी की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर वह आए दिन उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। मनीता ने कई बार फोन कर पिता, भाभी गुड़िया और कुसुम के अलावा भाइयों केशानंद और कंधई को अपनी परेशानी बताई थी।

परिजनों के कहने पर बुधवार को श्यामलाल बेटी के ससुराल पहुंचे थे। वहां उन्होंने मनीता को समझाया और ससुराल में ही गुजर-बसर करने की बात कहकर उसे शांत कराया। इसके बाद वह अपने घर लौटने के लिए निकले थे। देर शाम उमरवल गांव स्थित यमुना घाट पर पहुंचे ही थे कि रात करीब सवा आठ बजे समधी चिरौजी लाल ने फोन कर बेटी के फांसी लगाने की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग कसेंदा गांव पहुंचे गए। इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष ने सिर्फ पति पर आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पति मनीष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है।



Source link