उरई। बुंदेलखंड के बाल साहित्यकार श्याम सुंदर श्रीवास्तव कोमल की बाल कविता सोन चिरैया पश्चिम बंगाल के कक्षा चार के पाठ्यक्रम में शामिल की गई है। वहां के विद्यार्थी इसे हिंदी की पाठ्यपुस्तक राजभाषा परिचय के पाठ 11 के रूप में पढ़ेंगे। कालपी निवासी श्याम सुंदर श्रीवास्तव की इस उपलब्धि से जिले के साहित्य जगत में खुशी है।

यह कविता बच्चों की उम्र, रुचि और बौद्धिक क्षमता को ध्यान में रखकर लिखी गई है। पश्चिम बंगाल के विद्यार्थियों के लिए तैयार की गई पुस्तक में इसे शामिल किया गया है। पुस्तक में कठिन शब्दों के अर्थ हिंदी के साथ बांग्ला भाषा में भी दिए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को पाठ समझने में आसानी होगी। पुस्तक के संपादक तपेश भौमिक ने इसकी जानकारी दी।

श्याम सुंदर श्रीवास्तव की बाल कविता झूम-झूम झमा झम पहले महाराष्ट्र की कक्षा एक की पुस्तक बाल भारती में शामिल हो चुकी है। उनकी कई रचनाएं देश के विभिन्न राज्यों में सीबीएसई और आईसीएसई से मान्यता प्राप्त विद्यालयों के पाठ्यक्रम का हिस्सा हैं। वर्तमान में वे अशोक हायर सेकेंडरी स्कूल, लहार, भिंड, मध्य प्रदेश में हिंदी व्याख्याता हैं। साहित्य के क्षेत्र में दीर्घकालीन योगदान के लिए उन्हें कई सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं से सम्मानित किया जा चुका है।



Source link