Major fire in two shops at Shriram Market; loss of 20 lakh rupees

बीसलपुर में बुझाई जा रही दुकानों में लगी आग संवाद

बीसलपुर। नगर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद स्थित श्रीराम मार्केट में बृहस्पतिवार देर रात अचानक आग लगने से कपड़े की दुकान और ब्यूटी पार्लर का सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से दोनों दुकानदारों को करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।


कोतवाली क्षेत्र के गांव पकड़िया मंगली निवासी कृष्ण कुमार की श्रीराम मार्केट में कपड़े की दुकान है। उनके पड़ोस में नगर के मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी सोनम गंगवार का ब्यूटी पार्लर है। दोनों दुकानदार बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे दुकानें बंद करके अपने घर चले गए थे। कुछ देर बाद पड़ोस के लोगों ने फोन कर दुकानों से धुआं निकलने की सूचना दी। इस पर दोनों दुकानदार आनन-फानन मौके पर पहुंचे। दुकानें खोलकर देखा तो अंदर आग की लपटें उठ रही थीं।

दुकानदारों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दोनों दुकानों में रखा सामान जल चुका था। आग पहले किस दुकान में लगी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका है कि एक दुकान में लगी आग ने दूसरी दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।

कृष्ण कुमार ने बताया कि आग से उनकी दुकान में रखा करीब 15 लाख रुपये का सामान जल गया है। वहीं, सोनम गंगवार के अनुसार, उनके ब्यूटी पार्लर में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दोनों दुकानदार शुक्रवार को तहसील कार्यालय में आग से हुए नुकसान की सूचना दर्ज कराएंगे। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। एसडीएम अजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह राजस्व टीम भेजकर आग से हुए नुकसान की जांच और आकलन कराया जाएगा।



Source link