मंडी धनौरा। युवती को प्रेमिका बताकर निकाह रुकवाने के आरोपी पर अब मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने और अपहरण की धमकी देने का आरोप लगा है। पुलिस ने युवती की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

31 अक्तूबर को एक गांव निवासी युवती की बरात बिजनौर से आई थी। आरोप है कि गांव के अरशद मलिक ने युवती को अपनी प्रेमिका बताते हुए दूल्हे को फोन कर निकाह करने पर गोली मारने की धमकी दी थी। इससे घबराकर दूल्हा और उसके परिजन बिना निकाह किए लौट गए थे। युवती ने छवि खराब करने और रिश्ता तुड़वाने के आरोप में अरशद मलिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

युवती के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने से बौखलाया अरशद उसे रिपोर्ट वापस लेने की धमकी दे रहा है। आरोप है कि वह अपने भाई साजिद, चचेरे भाई जावेद और दोस्त साजिद मंसूरी के साथ घर के बाहर चक्कर लगाकर अपहरण और परिवार समेत जान से मारने की धमकी दे रहा है। अरशद उसे किसी और से शादी न करने की धमकी भी दे रहा है।

प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।



Source link