अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार देर शाम गोद भराई कार्यक्रम से लौट रही महिला को उसकी मासूम भतीजी संग बेकाबू कंटेनर ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हो जाने से दोनों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वहां जाम लग गया। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।
रक्सा के पुनावली कला निवासी कमलेश विश्वकर्मा (37) पुत्र पंचम सोमवार दोपहर अपनी भांजी की गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने सखी के हनुमान मंदिर आया था। शाम को पत्नी महादेवी (35) एवं छोटे भाई अजय की दो वर्षीय बेटी जान्हवी को लेकर बाइक से गांव लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है शाम करीब सात बजे जैसे ही वह लोग झांसी-ग्वालियर हाईवे होते हुए सीपरी बाजार थाना के अंबाबाय के पास राधा स्वामी सत्संग आश्रम पहुंचे, तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर जा गिरे। महादेवी एवं जान्हवी के कंटेनर के पहिये के नीचे आ जाने से मौके पर ही मौत हो गई जबकि कमलेश कुछ दूर जाकर गिरा। उसके सिर, हाथ एवं पांव में गहरी चोट आ गई। हादसे के बाद कंटेनर तेज रफ्तार से भाग निकला।
हादसा देेख वहां मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर सीपरी बाजार पुलिस भी पहुंची। परिवार के लोग भी थोड़ी देर में पहुंच गए। सीपरी बाजार थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी के मुताबिक कमलेश को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
