औरैया जिले में खानपुर चौराहे पर शनिवार देर रात बस के इंतजार में खड़े एक युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव गोविंद पुरवा हरचंदपुर निवासी बहादुर (20) शनिवार रात करीब 11 बजे अपने भाई के पास राजस्थान जाने के लिए घर से निकला था।
वह वहां काम की तलाश में जा रहा था। ऑटो से वह शहर के खानपुर चौराहे पर पहुंचा। वहां बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन से भाग गया। वहीं, युवक को गंभीर हालत में लोग जिला अस्पताल ले गए। वहां मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना पर रविवार सुबह परिजन कोतवाली पहुंचे। वहीं छानबीन व परिजन से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
