अयोध्या। रामनगरी और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर (नेपाल) अब रेल संपर्क से जुड़ने जा रहा है। दोनों देशों के करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े इन धार्मिक केंद्रों के बीच ट्रेन सेवा शुरू होने से न केवल भारत और नेपाल के सांस्कृतिक रिश्ते मजबूत होंगे, बल्कि पर्यटन के साथ कारोबार के नए रास्ते भी खुलेंगे। इस रेल सेवा से होटल, रेस्टोरेंट, ट्रैवल, स्थानीय परिवहन और हस्तशिल्प कारोबार को विस्तार मिलने की उम्मीद है।

वहीं, माल की बुकिंग और परिवहन की सुविधा मिलने से छोटे कारोबारियों को भी दोनों देशों के बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

रेल मंत्रालय ने जनकपुरधाम और अयोध्या कैंट के बीच साप्ताहिक अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दी है। यह ट्रेन बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी। जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार और अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को ट्रेन रवाना होगी। इसके ठहराव जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में होंगे। 23 नवंबर को ट्रेन के उद्घाटन की तैयारी है।

श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से होटल, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, ट्रैवल एजेंसी, टैक्सी, टूर ऑपरेटर और गाइड से जुड़े कारोबार को लाभ मिल सकता है। इसके अलावा शिक्षा, कारोबार और पारिवारिक संबंधों के सिलसिले में दोनों देशों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को भी सुविधा होगी।

इनसेट

माल की बुकिंग से छोटे कारोबारियों को भी फायदा

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के सचिव धीरज राजपाल का कहना है कि इस ट्रेन के शुभारंभ से यहां की वस्तुएं वहां और वहां के उत्पाद यहां पहुंचाना आसान होगा। ट्रेन में ब्रेक वैन के माध्यम से माल की बुकिंग और आयात-निर्यात की सुविधा मिलने से कारोबारियों को लाभ होगा। खासकर छोटे व्यापारी कम लागत में ब्रेक वैन में अपना सामान बुक कर दूसरे शहरों और बाजारों तक पहुंचा सकेंगे। शुरुआत में कपड़ा, होजरी और गिफ्ट आइटम जैसे उत्पादों का कारोबार धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।

मिथिला कला को अयोध्या में मिलेगा नया बाजार

अयोध्या की अर्थव्यवस्था पर शोध कर रहे डॉ. शिवम मिश्र बताते हैं कि इस रेल सेवा से जनकपुर और मधुबनी क्षेत्र की प्रसिद्ध मिथिला पेंटिंग, हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्र और स्थानीय उत्पादों को अयोध्या के बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। अयोध्या में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आगमन होता है। ऐसे में मिथिला कला से जुड़े उत्पादों के लिए यहां नया ग्राहक वर्ग तैयार हो सकता है। इसी तरह अयोध्या के धार्मिक स्मृति चिह्न, पूजन सामग्री, प्रसाद और राम मंदिर से जुड़े उत्पादों को नेपाल के बाजार तक पहुंचाने का रास्ता भी सुगम हो सकता है।



Source link

अभी अभी की खबरें