Mohammad Atif from Moradabad emerges victorious in the Qirat competition

मारहरा में आयोजित उर्स में विजेता छात्र को पुरस्कार वितरण करते लोग। संवाद

मारहरा। खानकाह-ए-बरकातिया में आयोजित तीन दिवसीय 101वें उर्स-ए-कासमी के तहत शुक्रवार रात मुकाबला-ए-किरत का आयोजन किया गया। गुलशन-ए-बरकात पार्क में ईशा की नमाज के बाद हुए मुकाबले में देश के विभिन्न राज्यों के 16 मदरसों के छात्रों ने प्रतिभाग किया।


प्रतियोगिता में शामिल छात्रों ने पहले लिखित परीक्षा दी। इसके बाद अपनी आवाज में कुरान शरीफ की आयतों की तिलावत की। निर्णायक मंडल ने छात्रों के प्रदर्शन के आधार पर तीन विजेताओं का चयन किया। इसमें मुरादाबाद के मदरसा जामिया अशरफिया हबीबिया बरकातिया के छात्र मोहम्मद आतिफ ने पहला स्थान प्राप्त किया।

बलरामपुर के जामिया अरबिया अनवारुल कुरआन के महमूद आलम दूसरे और बस्ती के मदरसा दारुल उलूम अलीमिया के मोहम्मद अफसान तीसरे स्थान पर रहे। दरगाह कमेटी की ओर से प्रथम विजेता को 50 हजार रुपये और लैपटॉप, द्वितीय को 25 हजार रुपये और मोबाइल तथा तृतीय विजेता को 11 हजार रुपये और मोबाइल देकर सम्मानित किया गया।

तीनों को शील्ड, बैग और इस्लामिक पुस्तकें भी भेंट की गईं। कार्यक्रम में हजारों जायरीन मौजूद रहे। नेतृत्व दरगाह शरीफ के सज्जादानशीन प्रोफेसर सैय्यद अमीन मियां कादरी ने किया।



Source link