विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने और संशोधन कराने के लिए 16 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 17 नवंबर से प्राप्त फार्म-6, 7 और 8 का प्रतिदिन का ब्योरा डीईओ आजमगढ़ पोर्टल पर उपलब्ध है। नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 भरकर संबंधित बूथ पर आवेदन किया जा सकता है। सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ के साथ एक शिक्षक को भी आवेदन प्राप्त करने के लिए अधिकृत किया गया है।
डीईओ ने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने की अपील की। उन्होंने बताया कि 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी बूथों पर विशेष अभियान चलेगा। इस दौरान बीएलओ आलेख्य मतदाता सूची और आवेदन फार्मों के साथ मौजूद रहेंगे। जिले की प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में कुल 34,16,753 मतदाता दर्ज हैं।
इनमें 18,44,626 पुरुष, 15,72,086 महिलाएं और 41 अन्य श्रेणी के मतदाता हैं। वर्ष 2027 में एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। इन तिथियों तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकेंगे। डीईओ ने मतदाता सूची में प्रविष्टियों की जांच करने और पात्र युवाओं व महिलाओं से नाम जुड़वाने की अपील की।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ ने बताया कि दावे-आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को किया जाएगा। सभी तहसीलों में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र भी बनाए गए हैं, जहां नागरिक डमी मतदान के जरिए मतदान प्रक्रिया समझ सकते हैं। निर्वाचन संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर आकाश आनंद, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
