बहराइच। घंटाघर पार्क और चांदपुरा में नगरपालिका प्रशासन की ओर से लेबर अड्डों का निर्माण कराया जाएगा। यहां मजदूरों के बैठने के लिए उचित स्थान के साथ पंखे, पेयजल और मोबाइल शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए पालिका प्रशासन ने काम शुरू करा दिया है।
जिले में मेहनत-मजदूरी कर जीविकोपार्जन करने वाले लोग कई दशकों से प्रतिदिन सुबह घंटाघर और चांदपुरा में एकत्र होते हैं। यहां से लोग उन्हें काम के लिए अपने साथ ले जाते हैं। नगर क्षेत्र के अलावा दूरदराज से भी बड़ी संख्या में मजदूर काम की तलाश में पहुंचते हैं। घंटों इंतजार के दौरान उन्हें सड़क किनारे या दुकानों के चबूतरों पर बैठना पड़ता है।
मजदूरों की इस समस्या को देखते हुए नगरपालिका प्रशासन ने दोनों स्थानों पर लेबर अड्डे बनवाने की पहल की है। इससे काम की तलाश में आने वाले मजदूरों को बैठने के लिए उचित स्थान और जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी। नगरपालिका की ईओ प्रमिता सिंह ने बताया कि लेबर अड्डों के निर्माण का कार्य जल्द पूरा करा लिया जाएगा।