Jhansi News: पारीछा थर्मल पावर प्लांट से बेतवा नदी में फ्लाई ऐश (कोयले की राख) पहुंचने और नदी में राख के विशाल टापू बनने का मामला अब राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), नई दिल्ली में गंभीर पर्यावरणीय और प्रशासनिक सवाल खड़े कर रहा है। मामले की सुनवाई के दौरान NGT की प्रधान पीठ ने झांसी के जिलाधिकारी की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उन्हें अगली सुनवाई में वर्चुअल माध्यम से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। भानु सहाय, नरेन्द्र कुशवाहा, रामजी सिंह जादौन, राजेश कुमार, देव प्रसाद, मनोज कुमार, केसर सिंह, उत्कर्ष साहू, रघुराज शर्मा, वरुण अग्रवाल, एडवोकेट बी.एल. भास्कर, एडवोकेट निकिता कुशवाहा, प्रवीण कुमार पाण्डेय, ओमप्रकाश सहित अन्य याचिकाकर्ताओं द्वारा दाखिल याचिका पर सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता नरेन्द्र कुशवाहा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जियो-कोऑर्डिनेट्स और तारीखों सहित प्रस्तुत तस्वीरों का हवाला देते हुए नदी में लगातार प्रदूषण और पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन का मुद्दा उठाया।
इस पर अधिकरण ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव को प्रस्तुत तस्वीरों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा 17 नवंबर 2026 को जारी कारण बताओ नोटिस पर हुई कार्रवाई का परिणाम अगली सुनवाई से कम से कम एक सप्ताह पूर्व प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। वहीं जिला गंगा समिति के अध्यक्ष होने के बावजूद नोटिस के बाद भी जवाब दाखिल नहीं करने पर NGT ने झांसी के जिलाधिकारी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
28 साल से विभागों को थी जानकारी, फिर भी समस्या जस की तस!
याचिकाकर्ता भानु सहाय ने सिंचाई विभाग द्वारा NGT में दाखिल जवाब का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 1998-99 में ही राख मिश्रित पानी को बेतवा नदी में जाने से रोकने के निर्देश दिए जा चुके थे। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। विभागीय जवाब के अनुसार वर्ष 2013 में लगभग 14,150 घनमीटर राख हटाने के लिए 33 लाख 93 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर अनुबंध भी किया गया, लेकिन हैरानी की बात है कि इतनी व्यवस्था और धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद धरातल पर राख हटाने का कार्य नहीं हो सका।
याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लगभग तीन दशक से विभागों के बीच पत्राचार और कागजी कार्यवाही चलती रही, लेकिन नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उनका कहना है कि NGT में मामला पहुंचने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अपनी कमियों और लापरवाही पर पर्दा डालने के उद्देश्य से वर्ष 2013 के आसपास हुए राख रिसाव, डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान के अभाव और राख नहीं हटाए जाने जैसे आधारों पर पारीछा थर्मल पावर प्लांट को 7 लाख 83 हजार रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
33.93 लाख रुपये और टेंडर के बावजूद सफाई क्यों नहीं हुई?
याचिकाकर्ताओं ने सवाल उठाया कि जब राख हटाने के लिए धनराशि जमा हो चुकी थी, टेंडर जारी हो चुका था और ठेकेदार से अनुबंध भी हो गया था, तो आखिर किसकी लापरवाही से काम नहीं हुआ? आज बेतवा नदी में लाखों टन राख जमा होने और कई राख के टापू बनने की स्थिति के लिए जिम्मेदार कौन है?
उन्होंने मांग की कि तत्कालीन जिम्मेदार अधिकारियों, संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों की जवाबदेही निर्धारित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।मामले में अब तक पारीछा थर्मल पावर प्लांट सहित अन्य जिम्मेदार प्रतिवादियों ने अपना जवाब दाखिल नहीं किया है। सिंचाई विभाग ने अपने जवाब में राख हटाने और नदी के पुनर्जीवन की जिम्मेदारी पारीछा थर्मल पावर प्लांट सहित अन्य एजेंसियों पर बताई है।
याचिकाकर्ताओं का कहना है कि बेतवा नदी केवल सरकारी फाइलों और विभागीय पत्राचार का विषय नहीं, बल्कि क्षेत्र की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर है। अब आवश्यकता केवल नोटिस और कागजी निर्देशों की नहीं, बल्कि राख की वैज्ञानिक जांच, वास्तविक मात्रा का आकलन, समयबद्ध सफाई, पर्यावरणीय क्षति की भरपाई और जिम्मेदार अधिकारियों एवं संस्थाओं के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की है।
