
मासूम रूपेंद्र की फाइल फोटो, पूछताछ करती पुलिस
– फोटो : संवाद
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार को मासूम बच्चे की लाश पड़ोसी के घर बोरी के नीचे दबी मिली। घरवालों को पता चला तो चीख पुकार मच गई। परिजन ने पड़ोसी भाई-बहन द्वारा हत्या करने की बात कही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई। आरोपियों को हिरासत में लिया है।
घटना नगला सिंघी थाना क्षेत्र के ठार हाथी गांव की है। गांव निवासी देवेंद्र उर्फ कल्याण सिंह सुबह 10 बजे ट्रैक्टर से खेत की लेवलिंग करने गया था। घर पर तीन वर्षीय बेटी लवली व दो वर्षीय पुत्र रूपेंद्र थे। दोपहर 12 बजे वह खेत से घर लौटा तो बेटा गायब था। उसने तलाश शुरू की।
काफी तलाश करने के बाद बेटे की लाश पड़ोसी पप्पू के घर गेहूं की बोरियों के नीचे दबी मिली। उसे तिरपाल से ढका गया था। कल्याण सिंह ने पप्पू के पुत्र और पुत्री पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों भाई-बहन को हिरासत में लिया है।
एसपी सिटी सर्वेश मिश्रा और सीओ एके सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। सीओ ने बताया कि अभी घटना की जांच चल रही है। तंत्र-मंत्र जैसी कोई बात नहीं है। बताते चलें कि आरोपी भाई-बहन का पिता पप्पू करंट लगाकर एक बच्चे की हत्या करने के आरोप में जेल में बंद है।