यूजीसी ने बुंदेलखंड विवि में शुरू हुए यूजी-पीजी ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) डिग्री कोर्स में रजिस्ट्रेशन के लिए 10 अप्रैल तक वेबसाइट खोल दी है। लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से शनिवार तक एक भी नया रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ।
बुंदेलखंड विवि ने बी.कॉम, बीए हिंदी, बीए अंग्रेजी, एम. कॉम, बीबीए, एमएससी कंप्यूटर साइंस, एमएससी मैथ, एमसीए ओडीएल में 30 मार्च को पंजीकरण शुरू कर दिया था। चूंकि यूजीसी ने ओडीएल में रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 30 मार्च तय की थी, इसलिए बीयू के लिए सिर्फ आठ ही रजिस्ट्रेशन हो सके। इसके बाद बीयू प्रशासन ने यूजीसी से 10 दिन के लिए साइट खोलने का अनुरोध किया। यूजीसी ने एक से 10 अप्रैल तक के लिए साइट खोल दी। हैरानी यह कि अधिकारियों ने रजिस्ट्रेशन के लिए साइट खुलने की जानकारी कुलपति और कुलसचिव तक को नहीं दी।
शनिवार शाम कुलपति को जब हकीकत पता चली तो उन्होंने अधीनस्थों की क्लास लगाई। इन कोर्सों में पंजीकरण फीस एक हजार रुपये है। यूजी की परीक्षा फीस 800 व पीजी की 1200 रुपये है। कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया कि यूजीसी ने ओडीएल में रजिस्ट्रेशन 10 अप्रैल तक खोल दिए हैं। नोटिफिकेशन के लिए बीयू की वेबसाइट अपडेट हो जाएगी और रविवार से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएंगे।
