बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवती की हत्या कर उसका शव सड़क किनारे फेंक दिया गया। ग्रामीणों ने शनिवार सुबह सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। युवती की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 21 साल बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव सिसैया नगला के पास बदायूं-कादरचौक मार्ग पर पश्चिम दिशा की ओर सड़क किनारे करीब 21 वर्षीय अज्ञात युवती का शव पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई गई। मौके से कोई ऐसी चीज नहीं मिली है, जिससे युवती की पहचान हो सके।
