उरई/कालपी/जालौन। जिले में जाम और अव्यवस्था से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। उरई, कालपी और जालौन नगर में शनिवार को नगर पालिका और प्रशासनिक अधिकारियों की अगुवाई में बुलडोजर कार्रवाई की गई। सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किए गए अस्थायी कब्जों को हटाया गया।
उरई शहर में चुर्खी रोड पर यातायात की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। टीम को देखते ही कई लोगों ने अपना अतिक्रमण हटा लिया। बाकी जगहों पर सड़क और नाली के ऊपर किए गए कब्जों को हटाया गया।
उधर, कालपी नगर में भी शनिवार को नायब तहसीलदार मुकेश कुमार और अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला की अगुवाई में बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई। नगर पालिका परिषद के मुख्य द्वार से शुरू हुआ अभियान मुन्ना फुलपावर चौराहे तक चला। इस दौरान नालियों के ऊपर और बाहर बने चबूतरे, टिनशेड और सड़क तक फैले सामान को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने नगर पालिका पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि गरीब और छोटे दुकानदारों के टिनशेड और चबूतरे हटाए गए, जबकि कई प्रभावशाली लोगों के कब्जों को नहीं छुआ गया।
इधर जालौन नगर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही के नेतृत्व में अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में ईओ सुशील कुमार, जेई प्रवीण कुमार और आरआई अनूप कुमार की टीम ने सड़क और नालियों के ऊपर किए गए कब्जों को हटवाया।
नगर पालिका की टीम अब तक अतिक्रमणकारियों से करीब एक लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।
