
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मथुरा रेलवे के सिग्नल एंड टेलीकॉम विभाग से अनुबंधित वाहनों के दो कांट्रेक्टर चोर निकले। आरपीएफ टीम ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीसरा आरोपी अभी फरार है।
मामला 23 अक्तूबर 2023 से जुड़ा है। छाता-अझई स्टेशन के बीच रेलवे की रिले हट नंबर 12 से सिग्नल विभाग की बैटरियां और अन्य सामान चोरी हो गया था। आरपीएफ टीम ने उसी दिन चोरी में प्रयुक्त किए गए चार पहिया वाहन नंबर यूपी 83 सीटी 2893 को सामान के साथ जब्त कर लिया था। टीम को देखकर चोर मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ आरपीएफ थाना कोसीकलां में मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरपीएफ इंस्पेक्टर आरपीएफ जीपी मीणा और इंस्पेक्टर डिटेक्टिंग विंग आगरा योगेश कुमार राणा ने बताया कि मुकदमे में संलिप्त आरोपी गणेश पुत्र चरण सिंह निवासी आजनोख थाना- बरसाना और मदन पुत्र हरीश निवासी उमरा थाना डीग भरतपुर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के कब्जे से चुराई गई रेल संपत्ति की बरामदगी की गई है। एक आरोपी उदय पुत्र लटूर निवासी उमरा थाना डीग अभी फरार है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
लालच में फंसकर कांट्रेक्टर से चोर बन गया गणेश
बताया जा रहा है कि आरोपी गणेश रेलवे के अधीन अनुबंधित वाहन का कांट्रेक्टर और खुद चालक था। वांछित आरोपी अंकित भी अनुबंधित वाहन का कांट्रेक्टर और खुद चालक था। मामला खुलने के बाद विभाग ने दोनों का कॉन्ट्रेक्ट निरस्त कर दिया है। कांट्रेक्टर को काली सूची में डाल दिया है।
