
anuj crime
– फोटो : iStock
विस्तार
उत्तर प्रदेश के पिरोजाबाद में सोमवार को ग्राहक बनकर आए बाइक सवार दो शातिरों ने स्वर्णकार की दुकान से पांच लाख के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। वह लाखों रुपये के आभूषण दुकान से उठाकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित स्वर्णकार ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर शातिरों की तलाश कर रही है।
घटना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार के कटरा बाजार की सब्जी मंडी की है। यहां के निवासी शोभित अग्रवाल की सोने-चांदी की दुकान है। दुकान पर उसका बेटा हर्षित अग्रवाल बैठा हुआ था। बाइक सवार दो शातिर शोभित के पास पहुंचे। स्वर्ण आभूषण देखने लगे। उन्होंने सुई-धागा, झुमकी दिखाने की मांग की।
दुकानदार अन्य आभूषणों को निकालकर दिखा रहा था। तब तक एक शातिर ने उसके डिब्बे में रखी हुई सुई-धागे की पुड़िया निकालकर चोरी कर ली। जब तक दुकानदार को जानकारी हुई। तब तक शातिर बिना कोई खरीददारी किए वहां से निकल चुके थे। दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों में यह घटना कैद हो गई।
पीड़ित दुकानदार शोभित ने अन्य स्वर्णकारों के साथ थाने पहुंचा। जहां उसने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। स्वर्णकार ने पुलिस को बताया कि शातिर सफेद रंग के कपड़े पहने हुए थे। टोपी लगाए थे और गले में अंगोछा डाले हुए थे। वह उसकी दुकान से 70 ग्राम की सुई-धागा की पुड़िया लेकर फरार हो गए। जिसकी कीमत लगभग पांच लाख रुपये है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज ही देखती रह जाती पुलिस
शहर में पुलिस का खौफ बदमाशों में खत्म होता जा रहा है। यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी स्वर्णकारों की दुकानों से शातिर बदमाश इसी तरह लाखों का माल लेकर फरार हो चुके हैं। इससे पहले पंजाबी कॉलोनी में अनिल ठाकुर की दुकान से दो लाख रुपये का माल, मिश्राना मोहल्ले में सर्वेश कुमार के यहां से 30 ग्राम आभूषण ले जा चुके हैं।
पुलिस हर बार सीसीटीवी फुटेज ही देखती रह जाती है। कुछ दिनों बाद सभी घटनाओं को ठंडे बस्ते में रामभरोसे खुलासे के लिए डाल दिया जाता है। जिसके चलते आए दिन इस तरह की घटनाएं घटित हो रही हैं।
