उरई। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने संयुक्त रूप से रविवार को दिल्ली से उरई रेलवे स्टेशन तक वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग को लेकर रेलमंत्री को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक एसके खरे को सौंपा। यह ज्ञापन कैप्टन अखिलेश नगाइच व जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता के नेतृत्व में दिया गया। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक कैप्टन अखिलेश नगायच ने कहा कि जालौन को सैनिकों की भूमि के रूप में जाना जाता है। आज भी जिले के हजारों सैनिक देश की सीमाओं पर तैनात हैं, लेकिन इसके बावजूद दिल्ली से उरई के लिए अब तक कोई भी सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि सीधी ट्रेन न होने के कारण सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों व आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। व्यापार मंडल के प्रदीप द्विवेदी, संजीव सिपोलिया, रमेश यादव, सरिता गुप्ता ने कहा कि राजधानी से सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से जिले के व्यापार और उद्योगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। ज्ञापन देने वालों में छेदा सिंह, संतोष कुमार रैकवार, जितेंद्र सिंह सरदार आदि मौजूद रहे।
