UP Crime News: उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक युवती का शव सड़क किनारे फेंके जाने का मामला सामने आया है. रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के कन्हौली गांव के पास शनिवार शाम एक कार से युवती का शव फेंके जाने की बात सामने आई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है.
कन्हौली गांव के पास सड़क किनारे मिला शव
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब सात बजे कन्हौली गांव के पास कुछ लोग सड़क पर टहल रहे थे. इसी दौरान एक कार वहां पहुंची. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार लोगों ने युवती का शव सड़क किनारे फेंका और रामलक्षन चौराहे की ओर फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी.
शव पर चोट के निशान, पुलिस ने शुरू की जांच
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवती के शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं. वह सलवार-सूट पहने हुई थी. स्थानीय पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया.
सफेद कार की तलाश में खंगाले जा रहे CCTV कैमरे
पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. जांच के दौरान कन्हौली गांव से लेकर गोरखपुर की ओर जाने वाले रास्ते के कैमरों को भी देखा जा रहा है, ताकि कार और उसमें सवार लोगों की पहचान हो सके.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
रुद्रपुर के क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार चतुर्वेदी के मुताबिक, कन्हौली के पास युवती का शव बरामद हुआ है. उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
