प्रतापगढ़ (उप्र), 25 नवंबर (भाषा) जिले के लीलापुर थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक नाबालिग सहित तीन अन्य घायल हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि दुर्घटना 24 और 25 नवंबर की दरमियानी रात को लक्ष्मणपुर रोड पर हुई।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को लालगंज ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
कुमार ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों ने चित्रभान सिंह (45) और संदीप सिंह (34) को मृत घोषित कर दिया। दोनों लीलापुर थाना क्षेत्र के निवासी थे।
घायलों में आदित्य सिंह (32) और सम्राट सिंह (15) को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अनुराग सिंह (18) का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
भाषा स जफर वैभव
वैभव
