– सिटी समेत मोंठ, मऊरानीपुर सर्किल में चोरी की घटनाओं में इजाफा होने पर जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को सभी वरिष्ठ पुलिस अफसरों एवं थानेदारों के साथ मैराथन क्राइम मीटिंग की। हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई न करने वाले थानेदारों के पेच कसते हुए डीआईजी ने उनको अल्टीमेटम दिया। सिटी सर्किल समेत मोंठ एवं मऊरानीपुर सर्किल के थानों में चोरी की घटनाएं बढ़ने पर नाराजगी जताई। डीआईजी ने ग्रामीण इलाके के थानेदारों को खास तौर से चेताते हुए त्योहारों के दौरान सतर्कता रहने को कहा।
डीआईजी ने पटाखा विस्फोट, कांवड यात्रा, गणेश विर्सजन के दौरान हुई घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि यह सभी घटनाएं ग्रामीण इलाकों में हुईं। इन इलाकों में खास तौर से सतर्कता बरती जाए। सभी थाना प्रभारियों को टीम गठित करके मुखबिर तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए। भू-माफियाओं के कार्रवाई समेत अवैध पटाखा निर्माण एवं शराब फैक्टरी पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
लंबित एसआर केसों की समीक्षा करके छह माह से अधिक लंबित विवेचनाओं का गुणदोष पर निस्तारण के निर्देश दिए। छह माह से अधिक लंबित विवेचनाओं को शीघ्र निस्तारित करने को कहा। रेलवे ट्रैक अवरोध एवं पथराव आदि को रोकने के लिए ग्राम रेलवे सुरक्षा समिति गठित करने को कहा। इस दौरान एसएसपी सुधा सिंह, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह समेत सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।
