एटा। जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन ने हाईटेक कदम उठाया है। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की पहल पर तैयार विशेष डिजिटल डैशबोर्ड पर अब चारों विधानसभा क्षेत्रों के 1636 मतदान केंद्रों का बूथवार पूरा ब्योरा महज एक क्लिक पर उपलब्ध होगा। इससे न केवल मतदाता पंजीकरण की ऑनलाइन निगरानी आसान होगी, बल्कि कमजोर कड़ियों को चिह्नित कर समय रहते सुधारा भी जा सकेगा। डैशबोर्ड के आंकड़ों के सूक्ष्म विश्लेषण से प्रशासन ने ऐसे बूथों की पहचान कर ली है, जहां जनसंख्या के अनुपात में मतदाताओं का पंजीकरण कम हुआ है। इन केंद्रों पर महिला और 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में 29 नवंबर को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत चिह्नित बूथों पर विशेष शिविर लगाकर नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे।

2022 व 2024 के मतदान प्रतिशत की होगी तुलना

इस डिजिटल डैशबोर्ड पर आयु वर्ग के अनुसार मतदाताओं के विवरण के साथ-साथ संवेदनशील बूथों की स्थिति भी दर्ज है। इसके माध्यम से वर्ष 2022 और 2024 के चुनावों में हुए मतदान प्रतिशत की तुलना कर कम वोटिंग वाले केंद्रों को चिह्नित किया जा रहा है, ताकि वहां मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर निर्वाचन व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाया जा सके।

डैशबोर्ड पर जिले का चुनावी गणित

• कुल आबादी: 21,11,460

• पंजीकृत मतदाता: 11,79,748 (6,45,942 पुरुष व करीब 5.34 लाख महिला मतदाता)

• कुल मतदान केंद्र (1636): अलीगंज में 438, एटा में 419, मारहरा में 391 और जलेसर में 388 बूथ।



Source link