शहर के बीचोबीच रेलवे स्टेशन के पास चल रहे स्पा सेंटर में मसाज कर्मी कानपुर की युवती की शिकायत पर पुलिस व प्रशासन ने छापा मारा। मौके पर केन्या की एक व बरेली की दो युवतियां मिलीं। ये भी मसाज कर्मी के रूप में करीब दो महीने से काम कर रही थीं। पुलिस को मौके पर दवाओं समेत आपत्तिजनक सामग्रियां भी मिली हैं। स्पा का मैनेजर रजिस्ट्रेशन समेत जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। संचालक की तलाश की जा रही है। तीनों स्पा कर्मी युवतियों को पुलिस ने वन स्टाप सेंटर भेजा है।

सिविल लाइन क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास शास्त्री चौराहा तिकोनिया मॉल सड़क स्थित तीन मंजिला मकान के प्रथम तल पर करीब एक वर्ष से होप डायमंड स्पा एंड सैलून सेंटर चल रहा है। रविवार दोपहर स्पा सेंटर में काम करने वाली कानपुर की युवती शहर कोतवाली पहुंची। बताया कि सेंटर पर गलत काम करने का दबाव बनाया जाता है। मामला महिला सशक्तिकरण टीम के पास पहुंचा। मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर सिंह, सीओ सिटी अभय नारायण राय, कोतवाली, सिविल लाइन और महिला थाना पुलिस पहुंची। टीम के आने से पहले ही संचालक सीतापुर निवासी विशाल मिश्रा भाग गया। मौके पर सीतापुर निवासी मैनेजर शिवस्वरूप मिश्रा और तीन युवतियां मिलीं।

स्पा में चार कमरे हैं। पुलिस को जांच के दौरान वहां कोई मौजूद नहीं मिला। छानबीन करने पर टीम को कुछ आपत्तिजनक दवाइयां, किताबें, क्रीम, रजिस्टर आदि सामग्री भी मिलीं। पुलिस ने इन सामग्रियों के साथ डीवीआर को भी जब्त कर लिया है। मैनेजर से पूछताछ की जा रही है। सीओ ने बताया कि शिकायतकर्ता मसाज कर्मी कानपुर की युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी संचालक और मैनेजर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

बिजनेस वीजा पर आई थी विदेशी युवती, नवीनीकरण के लिए किया था आवेदन

पुलिस और इंटेलिजेंस टीम से छिपकर पिछले करीब दो माह से ज्यादा समय से इटावा में रह रही केन्या की युवती चार वर्ष पहले भारत आई थी। प्राथमिक जांच में पुलिस टीम को पता चला है कि उसका बिजनेस वीजा 2022 का है। युवती अभी भारत में और रहना चाहती थी। इसलिए उसने वीजा के नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था।

पुलिस टीम जब स्पा सेंटर में पहुंची तो एक विदेशी युवती के मिलने से सकते में आ गई। युवती ने पूछने पर पुलिस को दो माह से स्पा सेंटर पर काम करने की बात कबूली। इस बात की सूचना स्पा सेंटर के संचालक ने पुलिस को नहीं दी थी। यहां तक कि किरायेदार रखने की प्रक्रिया के तहत इस विदेशी युवती का फॉर्म-16 तक नहीं भरा गया था। इससे पुलिस विदेशी युवती होने की जानकारी से पूरी तरह अनजान थी। युवती के बारे में जानकारी जुटाने पर पुलिस को उसका वीजा 2022 का मिला। पूछताछ में उसने बीकानेर और दिल्ली में भी रहने की बात कही। यहां स्पा सेंटर पर वह मसाज कर्मी के रूप में काम करती थी। सीओ सिटी ने बताया कि विदेशी युवती से अभी पूछताछ की जा रही है। सभी को वन स्टॉप सेंटर पर रखा गया है। उसके पास 2022 का बिजनेस वीजा मिला है।


मौके पर जो भी सामग्री मिली है उसे जब्त कर लिया गया है। उसकी जांच की जा रही है। प्रबंधक के रूप में मौजूद एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। चारों युवतियों को वन स्टॉप सेंटर लाया गया है। विदेशी महिला केन्या की है। उनके बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है। मौके पर कोई ग्राहक युवक नहीं मिला है। – बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसएसपी




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *