Etawah News; इटावा में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को थाना सिविल लाइन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान एसएसपी ने कहा कि बाल विवाह समाज के विकास में बड़ी बाधा है। इससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को बाल विवाह की रोकथाम के लिए सक्रिय भूमिका निभाने तथा आमजन को भी इस सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की और 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। इस तरह के विवाह से बच्चों का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास प्रभावित होता है। अभियान के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि बाल विवाह को न तो बढ़ावा दें और न ही अपने आसपास ऐसा होने दें। बेटियों और बेटों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराएं और उनके बेहतर भविष्य के लिए जागरूकता फैलाएं।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की। इसके लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और आपातकालीन पुलिस सेवा 112 जारी की गई है। कार्यक्रम में बाल संरक्षण अधिकारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



Source link